![]() |
| Sk Point News |
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी आगामी 10 सितंबर को गाजियाबाद स्थित नेशनल टेस्ट हाउस (एनटीएच) की नई रासायनिक प्रयोगशाला का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से दी गई।
इस अत्याधुनिक प्रयोगशाला में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर, प्राकृतिक मिनरल वॉटर, फूड पैकेजिंग मटेरियल, एल्युमिनियम और कॉपर से बनी इनैमल्ड और इंसुलेटेड वायर, कोयला, पेट्रोलियम कोक, बिटुमेन, इनैमल पेंट्स, एंटी-स्किड प्रोडक्ट्स, फिल्ट्रेशन मीडिया जैसे रेत और बजरी, साथ ही सफेद और रंगीन चॉक का परीक्षण किया जाएगा।
यह प्रयोगशाला निर्माण सामग्री, सीमेंट, पानी, धातु, मिश्र धातु, कागज, प्लास्टिक, कार्बनिक उत्पाद और उर्वरक समेत कई अन्य सामग्रियों की जांच भी करेगी। इसे एनएबीएल (NABL) द्वारा ISO/IEC 17025:2017 के तहत मान्यता प्राप्त है और यह बीआईएस (BIS) आउटसाइड लेबोरेटरी स्कीम, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत स्वीकृत है।
प्रयोगशाला में अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनमें एटॉमिक एब्जॉर्प्शन स्पेक्ट्रोमीटर (AAS), इंडक्टिवली कपल्ड प्लाज्मा-एटॉमिक एमिशन स्पेक्ट्रोस्कोपी (ICP-AES), ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोमीटर (OES), गैस क्रोमैटोग्राफी-मास स्पेक्ट्रोमेट्री (GC-MS), हाई-परफॉर्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी (HPLC) और आयन क्रोमैटोग्राफ शामिल हैं। इनसे जटिल और सटीक विश्लेषण किए जा सकेंगे। इसके अलावा, प्रयोगशाला विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों और उद्योगों को प्रशिक्षण, शोध और परीक्षण सहयोग भी प्रदान करेगी, जिससे वैज्ञानिक और औद्योगिक ढांचा मजबूत होगा।
भविष्य में प्रयोगशाला का दायरा और बढ़ाने की योजना है। इसमें फोर्टिफाइड खाद्य उत्पादों जैसे गेहूं का आटा, मैदा, मेवे, खाद्य तेल और विटामिन ए और डी से युक्त नमक की जांच की सुविधा शामिल होगी। साथ ही, मसालों और खाद्य पदार्थों में सूक्ष्म पोषक तत्वों का विश्लेषण भी किया जाएगा, जिससे खाद्य सुरक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।
गौरतलब है कि गाजियाबाद में नेशनल टेस्ट हाउस (एनटीएच) की स्थापना 1977 में हुई थी और तब से यह विभिन्न इंजीनियरिंग क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली परीक्षण और अंशांकन सेवाएं प्रदान करने वाली विश्वसनीय संस्था रही है।

0 टिप्पणियाँ